राजस्थान में अराजकता का राज,मॉब लिंचिंग सरकार के माथे पर कलंक

राजस्थान में सरकार नहीं, अराजकता का राज; बांदीकुई में हुई मॉब लिंचिंग घटना भाजपा सरकार के माथे पर कलंक: टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा

जयपुर । राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष  टीकाराम जूली ने प्रदेश की बदहाल कानून-व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है।
एक बयान जारी करते हुए जूली ने कहा कि आज राजस्थान की पावन धरा पर कानून का शासन पूरी तरह समाप्त हो चुका है और उसकी जगह खौफनाक अराजकता ने ले ली है।
उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सूबे की कानून-व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और भाजपा सरकार की प्रशासनिक नाकामी व लाचारी की कीमत अब प्रदेश के निर्दोष लोगों को अपनी जान देकर चुकानी पड़ रही है। अपराधियों में पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है, जिसके कारण आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

बांदीकुई में हुई वीभत्स घटना का जिक्र करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि वहां जो कुछ भी हुआ, उसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। श्री दिनेश मीणा को महज चोर समझकर उग्र भीड़ ने डेढ़ घंटे तक बंधक बनाए रखा और बेरहमी से पीटती रही। इस दौरान एक बेबस मां अपने बेटे की जान की भीख मांगती रही, लोगों के सामने गिड़गिड़ाती रही और इंसाफ की गुहार लगाती रही, लेकिन न तो उस जालिम भीड़ का दिल पसीजा और न ही सूबे का सोया हुआ प्रशासनिक सिस्टम जागा।
जूली ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि पुलिस समय पर मौके पर पहुंच जाती तो श्री दिनेश मीणा की जान बचाई जा सकती थी।

टीकाराम जूली ने कहा कि बांदीकुई की यह रूह कंपा देने वाली घटना आज के राजस्थान की भयावह सच्चाई का जीता-जागता आईना है। प्रदेश में अब सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है और गुंडातत्वों का बोलबाला है।
उन्होंने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह एक स्थापित सत्य है कि जब-जब सूबे की सरकार कुंभकर्णी नींद सो जाती है, तब-तब सड़कों पर अराजकता जाग जाती है। आज पूरा राजस्थान इसी खूनी अराजकता और जंगलराज के शिकंजे में पूरी तरह जकड़ चुका है, जहां आम आदमी की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

नेता प्रतिपक्ष ने सीधे मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार को अब अपनी आंखें खोलनी चाहिए। उन्होंने तीखे लहजे में कहा कि “मुख्यमंत्री जी, होश में आइए और सत्ता के गलियारों से बाहर निकलकर जनता का दर्द देखिए। इसे कतई ‘सुशासन’ नहीं कहा जा सकता, यह तो सरेआम और खुला ‘जंगलराज’ है।” श्री जूली ने चेतावनी दी कि विज्ञापनों और बयानों में झूठी वाहवाही लूटने से धरातल की हकीकत नहीं बदलेगी।

One thought on “राजस्थान में अराजकता का राज,मॉब लिंचिंग सरकार के माथे पर कलंक

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *