आरएलपी कार्यकर्ताओं ने मदन राठौड़ को घेरा

नागौर। हनुमान बेनीवाल के खिलाफ बयान देने के मामले में जिले के कुचामनसिटी में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कुचामन सिटी में भाजपा के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के काफिले को नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रोक दिया और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए मदन राठौड़ को काले झंडे दिखाने लगे। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पुलिस प्रशासन सकते में आ गया. इसके तुरंत बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजकर हल्का बल प्रयोग किया और उन्हें मौके से खदेड़ दिया। पुलिस ने 9 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है, जिन्हें कुचामन पुलिस थाना ले जाया गया है।

इस मामले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि ये ओछी मानसिकता वाला नेता हैं। हनुमान बेनीवाल अपने कार्यकर्ता और युवाओं को क्या संदेश देंगे? कुछ लोगों को भेज कर विरोध करवाया, मेरे खिलाफ नारेबाजी करवाई। यह अच्छे राजनेता बनने लायक नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हनुमान बेनीवाल मेरे पीठ पीछे गलत शब्दों का उपयोग करते हैं और जब सामने मिलते हैं तो हाथ जोड़कर नमस्कार करते हैं। इससे ज्यादा शर्मनाक और राजनीति का हल्का व्यक्ति कोई नहीं हो सकता।
कुचामन सिटी एडिशनल एसपी विमल नेहरा ने कहा कि कोई भी व्यक्ति हो या कोई राजनीतिक पार्टी विरोध प्रदर्शन करने का एक अलग तरीका होता है। आज जो विरोध प्रदर्शन किया गया था, वो लोग प्रदेश अध्यक्ष की गाड़ी के सामने आ गए थे, जिन्हें रोकने का प्रयास किया गया। कुछ लोगों को इस मामले में हिरासत में लिया गया है।
नागौर सांसद और आरएलपी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल ने हाल ही में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ टिप्पणी की थी, जिसके बाद भाजपा भी हनुमान बेनीवाल पर हमलावर हो गई। इसके बाद दोनों ओर से एक-दूसरे के खिलाफ लगातार बयानबाजी की जा रही थी। इसी बीच कुचामन सिटी में चल रहे भाजपा के ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026’ में भाग लेने के लिए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ कुचामन सिटी पहुंचे।

जब उनका काफिला कार्यक्रम स्थल सरला बिड़ला कल्याण मण्डपम की तरफ जा रहा था, तभी अचानक कार्यक्रम स्थल से मात्र 100 मीटर दूरी पर आरएलपी के जिला प्रभारी भूराराम शेषमा के नेतृत्व में आरएलपी के दो दर्जन से ज्यादा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए काफिले के सामने सड़क पर आ गए। इस दौरान उन्होंने मदन राठौड़ सहित पूरा काफिला रोक दिया। आरएलपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और सरकार विरोधी तख्तियां लहराकर मदन राठौड़ के सामने विरोध जताया। साथ ही उन्हें काले झंडे भी दिखाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *