राजस्थान भट्टी जैसे तपा,रात का तापमान भी 31 के पार

जयपुर। पूरा राजस्थान इस समय भट्टी बना हुआ है। दिन में तापमान कई जगह 45 डिग्री से पर बना हुआ है, वहीं रात्रि का तापमान भी 30 से नीचे नहीं जा रहा। ऐसे में इस बढ़ते तापमान के बीच लोगों को सलाह दी जा रही है कि वह दिन में बाहर कम निकले और निकलना भी जरूरी हो तो धूप का बचाव जरूर रखें।
राजधानी समेत पूरे राजस्थान में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप देखने को मिल रहा है. राज्य के ज्यादातर जिले तेज गर्मी और लू की चपेट में हैं, जहां अधिकतम तापमान लगातार 43 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए आने वाले दिनों में हालात और गंभीर होने की आशंका जताई है. गुरुवार के लिए मौसम विभाग ने अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, फलोदी और श्रीगंगानगर सहित 14 शहरों में लू का येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम केंद्र के मुताबिक आने वाले 2 से 3 दिनों के भीतर राज्य के पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज धूलभरी सतही हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही लू के थपेड़ों का असर भी बना रहेगा। ऐसे में आमजन को विशेष सावधानी बरतने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रहने और कई इलाकों में हीटवेव व ऊष्णरात्रि की स्थिति बने रहने की संभावना है।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें, तो श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पिलानी में 45.3, बीकानेर और फलोदी में 44.8, चूरू में 44.5, अलवर और कोटा में 44.2, चित्तौड़गढ़ में 44.0 और जैसलमेर में 43.6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। जयपुर में भी तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रदेश के आपदा राहत विभाग ने भी गर्मी को लेकर आम लोगों से अपील की है। SDRF ने एक्स पर लिखा है कि भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए पर्याप्त पानी पियें, दोपहर में अनावश्यक बाहर निकलने से बचें, हल्के सूती वस्त्र पहनें और बेजुबान पशु-पक्षियों हेतु पानी की व्यवस्था करें। आपात स्थिति में SDRF राजस्थान 24×7 आपकी सेवा में तत्पर है। जाहिर है कि लगातार बढ़ते तापमान के चलते आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज हो सकता है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव करने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। राजस्थान में फिलहाल राहत के आसार नजर नहीं आ रहे हैं और भीषण गर्मी का यह दौर अभी जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *