अहमदाबाद। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने एकतरफ़ा बढ़त बना ली है। कांग्रेस काफी पीछे है लेकिन आपका प्रदर्शन खराब रहा है।
अब तक आए नतीजों और रुझानों में भारतीय जनता पार्टी ने दोपहर करीब 1 बजे तक कुल 9,992 सीटों में से 3,594 सीटों के परिणाम और रुझान में 2,951 सीटों पर जीत दर्ज करती दिख रही है। कांग्रेस 474 सीटों पर नजर आ रही है, जबकि आम आदमी पार्टी सहित अन्य दलों और निर्दलीयों को 169 सीटें मिली हैं। इन आंकड़ों से साफ है कि राज्यभर में बीजेपी का प्रदर्शन मजबूत बना हुआ है।
महानगरपालिका के नतीजों में बीजेपी का दबदबा कायम है। 1,044 सीटों में से 607 सीटों के नतीजे सामने आ चुके हैं, जिनमें बीजेपी ने 507 सीटों पर कब्जा जमाया है. कांग्रेस को यहां महज 32 सीटें मिली हैं, जबकि अन्य के खाते में 5 सीटें गई हैं। वहीं नगरपालिकाओं में भी बीजेपी को जबरदस्त समर्थन मिलता दिख रहा है। 2,624 सीटों में से 1,379 सीटों के नतीजे घोषित हुए हैं, जिनमें बीजेपी ने 1,131 सीटों पर जीत दर्ज की है. कांग्रेस को 202 सीटें मिली हैं, जबकि आप सहित अन्य उम्मीदवार 46 सीटों पर जीत हासिल कर पाए हैं।
जिला पंचायतों में 34 इकाइयों की 1,090 सीटों में से 309 सीटों के नतीजे सामने आए हैं। यहां बीजेपी 260 सीटों पर आगे या जीत की स्थिति में है, जबकि कांग्रेस 30 सीटों पर और अन्य 19 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं ग्राम पंचायत स्तर पर भी तस्वीर लगभग यही है। 5,234 सीटों में से 1,320 सीटों के नतीजे घोषित हो चुके हैं, जिनमें बीजेपी ने 1,007 सीटों पर जीत हासिल की है. कांग्रेस 214 सीटों पर है, जबकि अन्य उम्मीदवारों को 99 सीटें मिली हैं। कुल मिलाकर अब तक के नतीजे संकेत दे रहे हैं कि गुजरात में बीजेपी ने शहरी से लेकर ग्रामीण इलाकों तक अपना दबदबा कायम रखा है. जैसे-जैसे बाकी सीटों के परिणाम सामने आएंगे, स्थिति और स्पष्ट होगी, लेकिन फिलहाल के रुझान बीजेपी के पक्ष में एकतरफा माहौल दिखा रहे हैं.
मतदान प्रतिशत के आंकड़े पर नजर डालें तो पता चलता है कि इस बार ग्रामीण इलाकों के मतदाताओं में शहरी क्षेत्रों की तुलना में ज्यादा उत्साह देखने को मिला. नगर निगमों में जहां मतदान 49.02 प्रतिशत रहा, वहीं नगर पालिकाओं में यह 59.50 प्रतिशत दर्ज किया गया। उप-चुनाव वाले नगर निगमों में 55.38 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि जिला पंचायतों में 61.69 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में 62.38 प्रतिशत मतदान ने ग्रामीण भागीदारी को मजबूत संकेत दिया है।