नाबालिग से बलात्कार के बाद मचा बवाल

अलवर। अलवर जिले के रेणी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची से सामूहिक दुष्कर्म के प्रकरण के बाद भारी बवाल हो गया। इस मामले में पीड़ित पक्ष ने दो नामजद लोगों सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। घटना के बाद बदमाश नाबालिग को छोड़ने आए तो रास्ते में भीड़ को देखकर वाहन मौके पर छोड़कर भाग गए। आक्रोशित भीड़ ने वाहन में आग लगा दी। घटना की सूचना पर रेणी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को थाने लाई। पीड़िता की शिकायत की जांच राजगढ़ डीएसपी मनीषा मीणा को सौंपी है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि पीड़ित पक्ष ने शिकायत दी कि 15 वर्षीय नाबालिग स्कूल में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह गुरुवार सुबह 8 बजे पैदल स्कूल जा रही थी कि रास्ते में एसयूवी गाड़ी आई और नाबालिग को जबरन उसमें खींच लिया। शिकायत में बताया कि गाड़ी में दो लड़के थे. पीड़िता ने परिजन को बताया कि युवकों ने गाड़ी में हाथ बांध दिए और आंखों पर पट्टी बांध दी। घटनास्थल पर जाते समय युवकों ने रास्ते में अन्य लड़के को गाड़ी में बिठाया। इसके बाद नाबालिग लड़की को अज्ञात जगह ले गए, जहां तीनों युवकों ने नाबालिग से दुष्कर्म किया. युवकों ने आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बना लिए। आरोपियों ने पीड़िता को धमकी दी कि घटना के संबंध में किसी को कुछ बताया तो भाई को मार देंगे।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद युवक पीड़िता को गाड़ी में बैठाकर दोपहर करीब 1 बजे स्कूल के बाहर छोड़ गए। इस दौरान कुछ लोगों ने पीड़िता के भाई को सूचना दी। वह बहन को घर लाया, तब उसने सारी घटना बताई। एसपी ने बताया कि पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई. पीड़िता के बयान दर्ज कराए. इस प्रकरण में आरोपी को डिटेन किया है। अनुसंधान जारी है। पुलिस अधीक्षक ने बताया, इस घटना के संबंध में आक्रोशित भीड़ ने उस वाहन में तोड़फोड़ कर आग लगा दी, जिसमें आरोपी पीड़िता को छोड़ने आए थे। हालांकि भीड़ देखकर आरोपी गाड़ी छोड़ भागे। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन को कब्जे में लिया व रेणी थाने पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *