बालोतरा। पचपदरा रिफाइनरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। फिलहाल फायर फाइटिंग टीम आग पर काबू पाने में जुटी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कल यहां भव्य कार्यक्रम प्रस्तावित है। जिसके लिए एसपीजी और राजस्थान पुलिस ने सुरक्षा का कड़ा घेरा बना रखा है। लोकार्पण से ठीक पहले हुई इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कल (21 अप्रैल) किए जाने वाले रिफाइनरी के ऐतिहासिक लोकार्पण समारोह से ठीक पहले आज दोपहर रिफाइनरी परिसर की एक यूनिट में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें उठते ही परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसमान काले धुएं के गुबार से भर गया। आज इतनी तेज है कि दूर-दूर तक काला धुंआ दिखाई दे रहा है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को रिफाइनरी की एक विशेष यूनिट में अचानक स्पार्किंग या अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। कल होने वाले प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर पूरी रिफाइनरी को छावनी में तब्दील किया गया है और चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात हैं। ऐसे में इस तरह की घटना ने तकनीकी टीम और प्रशासन के पसीने छुड़ा दिए हैं।
आग लगते ही रिफाइनरी का इन-हाउस फायर सेफ्टी सिस्टम तुरंत सक्रिय हो गया। मौके पर मौजूद दर्जनों दमकल गाड़ियां और हाइड्रेंट सिस्टम के जरिए आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। धुएं की तीव्रता इतनी अधिक है कि इसे कई किलोमीटर दूर से देखा जा सकता है। रिफाइनरी के उच्चाधिकारी और जिला प्रशासन के आला अफसर मौके पर पहुँच चुके हैं और स्थिति की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले पचपदरा रिफाइनरी में आग