रोटरी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट इलेक्ट ओलायिंका बाबालोला का भव्य स्वागत

रोटरी इंटरनेशनल प्रेसिडेंट इलेक्ट ओलायिंका बाबालोला का भव्य स्वागत, सेवा और संकल्प की गूँज

जयपुर। गुलाबी नगरी में रोटरी इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट इलेक्ट (वर्ष 2026-27) नाइजीरिया के ओलायिंका बाबालोला के आगमन पर रोटरी जिला 3056 के डीजी एकेएस अरूण बगडिया द्वारा एक अभूतपूर्व ‘रेड कार्पेट’ स्वागत किया गया। डीजी एकेएस अरूण बगडिया के नेतृतव में जयपुर एयरपोर्ट पर राजस्थानी परंपरा के साथ हुए इस गरिमामयी अभिनंदन में पीडीजी बलवंत सिंह चिराना, डीजीएनडी डॉ. के.सी. शर्मा और वरिष्ठ रोटेरियन नीरज अग्रवाल सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

एयरपोर्ट से सीधे होटल ताज आमेर पहुँचकर बाबालोला ने डिस्ट्रिक्ट 3012 के 500 से अधिक रोटेरियंस को संबोधित किया, जहाँ उन्होंने रोटरी के वैश्विक सेवा कार्यों की सराहना की।

इसी उपलक्ष्य में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर (2026-27) अरुण बगड़िया एवं पूनम बगड़िया द्वारा विश्वप्रसिद्ध रामबाग पैलेस में एक ‘रॉयल डिनर’ का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत डिस्ट्रिक्ट ट्रेनर अजय काला एवं सुनीता काला द्वारा भावपूर्ण अभिनंदन के साथ हुई।

इस अवसर पर रोटरी की वैश्विक उपलब्धियों, विशेषकर ‘पोलियो उन्मूलन’ मिशन पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने रेखांकित किया कि 1.4 मिलियन सदस्यों वाला यह संगठन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि विश्व का सबसे प्रभावी सेवा नेटवर्क है, जिसने 1985 से ‘पोलियो प्लस’ अभियान के माध्यम से इस बीमारी को जड़ से मिटाने का संकल्प लिया है। रोटरी ने अब तक इस जंग में $2.6 बिलियन से अधिक का योगदान दिया है और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के साथ मिलकर करोड़ों बच्चों के टीकाकरण में सक्रिय भूमिका निभाई है, जिसके परिणामस्वरूप आज दुनिया से पोलियो लगभग 99% खत्म हो चुका है। पोलियो के अलावा रोटरी स्वास्थ्य, स्वच्छ पेयजल (WASH), शिक्षा, साक्षरता और मातृ-शिशु स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में ‘Service Above Self’ के ध्येय के साथ निरंतर कार्य कर रहा है।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रेसिडेंट इलेक्ट ओलायिंका बाबालोला ने भारत की बढ़ती भूमिका की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारत आज रोटरी फाउंडेशन के माध्यम से सेवा के नए वैश्विक मानक स्थापित कर रहा है। रोटरी इंटरनेशनल डायरेक्टर के.पी. नागेश ने भी शीर्ष नेतृत्व में भारत के निर्णायक कद की सराहना की।

इस भव्य शाम में पीडीजी शरत जैन, समर्पित भामाशाह अमिता महेंद्रू व रुचिका जैन सहित रोटरी जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ मौजूद रहीं।

यह आयोजन न केवल एक स्वागत समारोह था, बल्कि विश्व शांति, आर्थिक विकास और मानवता की भलाई के लिए रोटरी के संकल्प को पुनः दोहराने वाला एक ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *