जयपुर। नई दिल्ली में चल रही एआई समिट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से अर्धनग्न प्रदर्शन करने के खिलाफ जयपुर में भी शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय का घेराव करने पहुंचे, जहां पुलिस के साथ उनकी काफी देर तक धक्का-मुक्की हुई।
भाजयुमो की प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर घेराव की चेतावनी के बाद पुलिस ने पीसीसी के आसपास कड़े सुरक्षा बंदोबस्त किए थे। साथ ही संसार चंद रोड स्थित लोहा मंडी तिराहे पर बैरिकेड्स लगाकर रास्ता बंद कर दिया गया था। दोपहर 12 बजे भाजयुमो कार्यकर्ता प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा के नेतृत्व में शहीद स्मारक पर इकट्ठा हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी करते हुए कांग्रेस मुख्यालय की ओर बढ़े, जिसे वहां तैनात पुलिस बल ने रोक लिया।
इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक जोर-आजमाइश और धक्का-मुक्की चलती रही। कई कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स लांघने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने पकड़ लिया। करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद भाजयुमो कार्यकर्ता कांग्रेस को चेतावनी देते हुए वहां से चले गए।
भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष शंकर गोरा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि एआई समिट में विश्व भर से आए प्रतिभागियों के सामने कांग्रेस ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया और देश की छवि खराब करने का काम किया। उस समय वहां बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थी. कांग्रेस का जनाधार समाप्त हो चुका है. वह हर जगह चुनाव हार रही है, चाहे वह बिहार हो, मुंबई नगर निगम चुनाव हो।
गोरा ने कहा कि कांग्रेस ने देश के प्रधानमंत्री और भाजपा का विरोध करते-करते अब देश का विरोध करना शुरू कर दिया है। एक तरफ देश के प्रधानमंत्री का विजन है कि वे नए-नवाचार करें, युवाओं से संवाद करें। एआई जैसी तकनीक पर विश्व स्तर की समिट आयोजित करें और पूरी दुनिया से लोगों को आमंत्रित करें। प्रधानमंत्री बजट से पहले युवाओं से संवाद करते हैं और लगातार उनसे जुड़े रहते हैं। उसी तरह, कांग्रेस पार्टी के राहुल गांधी लगातार असफल हो रहे हैं। कभी वे जेन जी पीढ़ी के युवाओं को देश के खिलाफ उतरने का आह्वान करते हैं। गोरा ने आरोप लगाया कि जब नेपाल में आंदोलन हो रहा था, तब उन्होंने ट्विटर पर कई पोस्ट किए और कहा कि भारत के जेन जी समुदाय को भी देश के खिलाफ खड़ा होना चाहिए। अब एआई समिट में उन्होंने सबसे बड़ा नुकसान किया है। गोरा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कांग्रेस ने देश के गौरव को ठेस पहुंचाने का काम किया तो भाजयुमो के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने को तैयार हैं।