गहलोत का बड़ा बयान – हिंदू राष्ट्र बन चुका,घोषणा बाकी

जयपुर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि देश आज हिंदू राष्ट्र बन चुका है, केवल औपचारिक घोषणा होना बाकी है। बाकी धर्मों के लोगों को दबाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में पहली बार देखा है कि क्रिसमस के मौके पर चर्च पर हमले हो रहे हैं, गुंडागर्दी हो रही है।

अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि आरएसएस को कांग्रेस का शुक्रिया अदा करना चाहिए कि उसने कभी भी आरएसएस को टारगेट करके कार्रवाई नहीं की। अगर आज की बीजेपी की तरह बदले की भावना से कार्रवाई करते तो आरएसएस और भाजपा कहीं नहीं पनपती।

मंगलवार को जयपुर में गहलोत ने कहा कि  यह मैं सोच-समझकर बोल रहा हूं, आरएसएस पर बैन लगा भी है और हटा भी है। उसकी वजह यह है कि कांग्रेस की सॉफ्ट अप्रोच थी। उसकी वजह से आरएसएस ने 100 साल पूरे कर लिए हैं, नहीं तो जैसा व्यवहार आज आरएसएस और भाजपा कांग्रेस और विपक्षी दलों के साथ कर रहे हैं, अगर यही तरीका कांग्रेस पार्टी भी अपनाती तो आज बीजेपी और आरएसएस पनपती भी नहीं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी की हत्या के बाद आरएसएस पर दो बार प्रतिबंध लगाया था। उन्होंने माफी मांगी, उसके बाद फिर बैन हटा दिया। माफी तो कई बार मांग चुके हैं। कांग्रेस की सरकार केंद्र और राज्य में कई बार बनी है, बदले की भावना हमारे खून में नहीं है कि हम आरएसएस के लोगों को टारगेट करे। आरएसएस के लोग स्वयं कहते हैं कि भाजपा की सरकार से ज्यादा कांग्रेस की सरकार में हमारे काम होते हैं। कांग्रेस सरकारों ने किसी भी आरएसएस के व्यक्ति या उसके परिवार पर कभी टारगेट करके कार्रवाई नहीं की, जबकि आज यही लोग कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों पर टारगेट करके कार्रवाई कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खड़गे की ओर से आरएसएस को लिखी चिट्ठी की बात का समर्थन करते हुए कहा कि आरएसएस को बताना चाहिए कि इतना पैसा उनके पास कहां से आया है। दिल्ली में अरबों रुपए का संघ का भवन बना है। भाजपा के भी 800 भवन बन गए हैं, आखिर इतना पैसा कहां से आ रहा है। चाल, चरित्र और चेहरे की बात करने वाली पार्टी के पास पैसा कहां से आ रहा है। इसलिए जनता को बताना चाहिए।

गहलोत ने कहा कि हिंदू धर्म के नाम पर लोगों को भड़काया जा रहा है, क्या हम लोग हिंदू नहीं हैं. इस देश में हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, पारसी सभी हैं। संविधान के हिसाब से सब अपना जीवन यापन कर रहे हैं. किसी को ऐतराज नहीं होना चाहिए, लेकिन यह लोग जानबूझकर अन्य धर्म के लोगों को उकसा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि अब समय आ गया है कि जब भाजपा और आरएसएस को अपनी विचारधारा बदलनी चाहिए। उसे धर्मनिरपेक्षता अपना लेनी चाहिए। भाजपा-आरएसएस आज सत्ता में है, 60 साल तक विपक्ष में रहे हैं, लेकिन आज जिस लिहाज से यह कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों के साथ व्यवहार कर रहे हैं, वह बहुत ही खतरनाक है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के पास एक वॉशिंग मशीन है, जिसमें भ्रष्टाचारी भी धुलकर पाक-साफ हो जाता है। गहलोत ने कहा कि भाजपा ने अजित पवार को भ्रष्टाचारी बताया था, उसे ही डिप्टी सीएम बना दिया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कोटा में 17 जून को राहुल गांधी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे, लेकिन लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के लोगों की ओर से कोचिंग संस्थानों को धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में बिड़ला को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, क्योंकि ओम बिड़ला लोकसभा के स्पीकर हैं और राहुल गांधी उस हाउस में नेता प्रतिपक्ष है। राहुल गांधी कोटा आ रहे हैं तो उनका स्वागत करना चाहिए था। जिस तरह का व्यवहार किया जा रहा है, उस पर बिड़ला अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी कोटा आ रहे हैं, इसीलिए ही बीजेपी के तमाम नेता चारों दिशाओं में फेल कर अनर्गल बयान बाजी कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *