पश्चिम बंगाल में 90 प्रतिशत वोटिंग, ममता का 200 सीटों पर जीत का दावा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल चुनाव में दो चरणों में सभी 294 सीटों पर वोटिंग समाप्त हो गई हैं। दूसरे और आखिरी फेज में 142 सीटों पर शाम 5 बजे तक लगभग 89.99 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी थी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण के लिए बुधवार को वोटिंग हुई। 294 सदस्यीय विधानसभा में से आज शेष बचे 142 सीटों पर वोटिंग हुई। आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी है, जहाँ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से है। वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहाँ से वह बीजेपी के मौजूदा विधायक हैं। आज हुगली (18), हावड़ा (16), कोलकाता (11), नदिया (17), उत्तर 24 परगना (33), पूर्वी बर्धमान (16) और दक्षिण 24 परगना (31) जिलों में वोटिंग हो रही है. दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें 218 महिला उम्मीदवार हैं। 266 मुस्लिम उम्मीदवार हैं, जिनमें से 25 महिलाएं हैं। चुनाव आयोग के अनुसार इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 वोटर हैं। इससे पहले 23 अप्रैल को 152 सीटों पर पहले चरण की वोटिंग हुई। चुनाव आयोग की ओर से राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए हैं। दूसरे चरण के 142 निर्वाचन क्षेत्रों में से टीएमसी ने पिछले चुनाव में 123 सीटें जीती थी जबकि भाजपा को मात्र 18 सीटों पर संतोष करना पड़ा था।
आत्मविश्वास से भरी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जीत का निशान दिखाते हुए कहा, “सेंट्रल फोर्स ने बहुत परेशानी खड़ी की है, उन्होंने हमारे लड़कों को बुरी तरह पीटा है। इसके बावजूद, हम 200 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे। यह तो लोग ही तय करेंगे कि आखिरी गिनती क्या होगी।

तृणमूल सुप्रीमो ममता बनर्जी ने कहा, “परेशान करना कल रात शुरू हुआ। हमारी पार्टी के कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। मैंने पहले कभी लोकतंत्र की ऐसी हालत नहीं देखी। तृणमूल जीत रही है। वे प्रेस और मीडिया को जो कुछ भी बताते हैं, वही दिखाया जाता है,लेकिन मैं आपको बता रही हूं, तृणमूल सच में जीत रही है।” तृणमूल की जीत के बारे में उन्होंने कहा, “मुझे ऐसी रिपोर्ट मिली हैं जिनसे पता चलता है कि भाजपा पश्चिम बंगाल में हार रही है। हम दो-तिहाई बहुमत से एक बार फिर सरकार बनाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *