जयपुर। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील शर्मा के नेतृत्व में जयपुर की ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिए रविवार को “जयपुर बचाओ मार्च” का आयोजन करने जा रही है।
इस मार्च में जयपुर शहर के विधायक, पूर्व मंत्री, विधायक प्रत्याशी, पार्षद सहित हजारों कांग्रेसजन शामिल होंगे। जयपुर बचाओ मार्च का उद्देश्य जयपुर की विश्व धरोहर (UNESCO World Heritage) को नष्ट होने से बचाना तथा पुराने शहर की हवेलियों, चौड़ी सड़कों और ऐतिहासिक स्वरूप की रक्षा करना है।
अध्यक्ष सुनील शर्मा ने बताया कि सवाई जयसिंह द्वारा विद्याधर भट्टाचार्य की देखरेख में बसाया गया यह सुनियोजित शहर आज भ्रष्ट अफ़सरशाही और विजनलेस शासन के कारण अपनी पहचान खो रहा है। चौड़ी सड़कें अवैध कब्जों के कारण सिकुड़ चुकी हैं, महलनुमा हवेलियाँ तोड़कर भद्दे कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं तथा सड़कों पर आवारा पशुओं का आतंक आम बात हो गई है इन सबके चलते शहर के अधिकांश इलाकों में एम्बुलेंस तक नहीं निकल पा रही है। यह स्थिति जयपुर की आत्मा पर चोट है।
कांग्रेस इस मार्च के माध्यम से प्रशासन और राज्य सरकार से पुराने शहर की विरासत की रक्षा, अवैध निर्माण पर रोक तथा जयपुर को उसकी मूल गरिमा लौटाने की मांग करेगी।
सुनील शर्मा ने सभी कांग्रेसजनों, नागरिकों और विरासत प्रेमियों से अपील की है कि वे 16 अगस्त को प्रातः 10 बजे संजय सर्किल, चांदपोल पर बड़ी संख्या में पहुँचकर “जयपुर बचाओ मार्च” में शामिल हों।