भाजपा सफेदे का पेड़, न छाया न काम की लकड़ी,कांग्रेस बरगद, जिसकी छाया में सबको सहारा

 

भाजपा सफेदे का पेड़, न छाया न काम की लकड़ी; कांग्रेस बरगद का पेड़, जिसकी छाया में हर जरूरतमंद को मिलता है सहारा : टीकाराम जूली नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा*

अलवर। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह के साथ कोटपूतली-बहरोड़ क्षेत्र के दोसौद, ग्राम बसई भोपालसिंह और अलवर के कस्बा डहरा में आयोजित तीन आमसभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं में उमड़ा जनसमर्थन और लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। गाँव-क़स्बों में कांग्रेस को मिल रहे समर्थन के बीच श्री जूली ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की जनता उसके तीन वर्षों के कुशासन से त्रस्त है और ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाली का सामना कर रही है।

जूली ने कहा कि भाजपा तो सफेदे का पेड़ है, न छाया, न काम की लकड़ी, कुछ भी नहीं है। वहीं कांग्रेस बरगद का पेड़ है, जिसकी छाया में गरीब, किसान, मजदूर, युवा, छोटा व्यापारी और हर जरूरतमंद व्यक्ति को सहारा मिलता है। कांग्रेस ने हमेशा हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। हर वर्ग के लिए योजनाएँ, हर व्यक्ति के लिए मदद और हर जरूरतमंद के लिए सहायता कांग्रेस की सोच और कार्यशैली का हिस्सा रही है। इस फर्क को हमें समझना भी है और जनता को भी समझाना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन में गाँव-ढाणियाँ बदहाली से जूझ रही हैं। गरीब पेंशन के लिए तरस रहा है, मजदूर को मनरेगा में काम नहीं मिल रहा, किसान खाद, बीज, बिजली और पानी के लिए परेशान है, वहीं युवा रोजगार की आस में भटक रहा है। भाजपा ने बड़े-बड़े वादे कर सत्ता हासिल की, लेकिन आज आमजन खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहा है। अब समय आ गया है कि जनता अपने वोट की ताकत से भाजपा के झूठे वादों और जनविरोधी नीतियों का जवाब दे।

जूली ने कहा कि पंचायती राज संस्थाएँ ग्रामीण विकास की मजबूत नींव हैं। कांग्रेस के प्रत्याशियों की जीत से गाँव-ढाणियों में विकास के कामों को गति मिलेगी, गरीब-मजदूर की आवाज बुलंद होगी और ग्रामीण क्षेत्रों में खुशहाली आएगी। उन्होंने मतदाताओं से आह्वान किया कि पंचायती राज चुनावों में हाथ के निशान के सामने वाला बटन दबाकर कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों को अपना अमूल्य मत, समर्थन और आशीर्वाद दें तथा उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *