लेडी डॉन को डेढ़ साल पहले ही मार दिया था,पति और बेटा गिरफ्तार

जयपुर। राजधानी जयपुर के तीन थाना इलाकों में लेडी डॉन के नाम से कुख्यात मिंटू चौधरी का 15 महीने पुराना शव कुएं में मिलने के बाद पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति और बेटे को गिरफ्तार करके हत्या की वारदात का पर्दाफाश किया है। लेडी डॉन के पति और बेटे ने डॉन की मई, 2025 में गला घोंटकर हत्या कर दी थी और शव को कुएं में फेंक दिया था। इसके दो महीने बाद उन्होंने मुहाना थाने में गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी,ताकि किसी को उन पर शक नहीं हो।

इस मामले में कुछ दिन पहले पुलिस को मुखबिर के जरिए जानकारी मिली कि मिंटू चौधरी की हत्या कर शव को कुएं में फेंका गया है। इस पर पुलिस ने शक के आधार पर उसके पति और बेटे को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने कुएं से शव के अवशेष बरामद कर लिए हैं  प्रारंभिक तौर पर कपड़ों से पहचान की गई। अब पुलिस डीएनए जांच भी करवाएगी।

हत्याकांड का खुलासा करते हुए जयपुर (दक्षिण) डीसीपी राजर्षि राज ने बताया कि मिंटू की हत्या के आरोप में उसके पति लालाराम जाट (42) और बेटे हरिओम जाट (20) को गिरफ्तार किया है। दोनों ने पूछताछ में कबूल किया है कि उन्होंने 25 मई, 2025 को घर पर गला घोंटकर मिंटू चौधरी की हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने कपड़े में शव को लपेटा और ऑटो में रखकर शव घर से करीब 4 किलोमीटर दूर सुनसान जगह पर ले गए। कुएं में उन्होंने शव फेंक दिया। मिंटू की बहन और अन्य लोगों ने जब उनसे उसके बारे में पूछा तो कभी उसके तिहाड़ जेल में और कभी भरतपुर जेल में बंद होने की बात कहकर टाल दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि जब उन पर दबाव बढ़ता गया तो बेटे हरिओम ने हत्या की वारदात के दो महीने बाद 21 जुलाई, 2025 को मिंटू चौधरी की गुमशुदगी रिपोर्ट मुहाना थाने में दर्ज करवाई, ताकि किसी को उस पर और पिता पर शक नहीं हो। गुमशुदगी दर्ज दर्ज करवाने के बाद उन्होंने कभी दुबारा उस मामले में रूचि नहीं दिखाई। डीसीपी ने बताया कि तीन दिन पहले डीएसटी और मुहाना थाना पुलिस को जानकारी मिली कि मिंटू चौधरी की 15 महीने पहले हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है। पुलिस ने शक के आधार पर बाप-बेटे को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो पूरा मामला सामने आ गया। उनकी निशानदेही पर बुधवार को पुलिस ने कुएं से शव के अवशेष बरामद किए हैं।
लेडी डॉन मिंटू चौधरी पर जयपुर के अलग-अलग थाना इलाकों में मारपीट, चोरी और हत्या के प्रयास के 11 मुकदमे दर्ज हैं। काम के लिए वह ऑटो चलाती थी। पति ने पूछताछ में बताया कि उसे मिंटू के अवैध संबंधों का शक था। वह उसे और बेटे को प्रताड़ित करती थी। पूछताछ में बेटे ने पुलिस को बताया कि उसकी मां उसे बचपन से ही प्रताड़ित करती थी। उसने मारपीट करने और प्रताड़ना से तंग आकर पिता के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *