जयपुर,जोधपुर,कोटा में 25 सितंबर को चुने जाएंगे महापौर

जयपुर। पुनर्मतदान के कारण जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम सहित कोटा जिले की ही सुकेत नगरपालिका के प्रमुखों के चुनाव 25 सितंबर को कराए जाएंगे । जारी कार्यक्रम के अनुसार तीनों नगर निगमों में मेयर का चुनाव 25 सितंबर और डिप्टी मेयर का चुनाव 26 सितंबर को कराया जाएगा। इसी प्रकार सुकेत नगरपालिका में 25 सितंबर को अध्यक्ष और 26 सितंबर को उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन होगा। इन चार निकायों में नामांकन की प्रक्रिया 19 सितंबर से शुरू होने और 22 सितंबर तक नाम वापस लिए जाने का कार्यक्रम बताया गया है।

इन चारों निकायों में पहले मेयर-अध्यक्ष पद का चुनाव 21 सितंबर और उप मेयर-उपाध्यक्ष पद का चुनाव 22 सितंबर को प्रस्तावित था। 14 सितंबर की मतगणना के दौरान नौ वार्डों के 10 मतदान केंद्रों की ईवीएम में तकनीकी समस्या आने से सभी पार्षदों के परिणाम घोषित नहीं हो सके थे। इसके बाद राज्य निर्वाचन आयोग ने जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत में निकाय प्रमुख और उपप्रमुख पदों के चुनाव को स्थगित कर दिया था। आयोग ने कहा था कि सभी निर्वाचित पार्षदों के परिणाम घोषित होने के बाद ही इन पदों की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

ईवीएम संबंधी तकनीकी समस्या के कारण जयपुर, जोधपुर, कोटा और सुकेत के कुल 10 मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को दोबारा वोटिंग कराई गई। इन केंद्रों के मतों की गणना 17 सितंबर को रखी गई थी। पुनर्मतदान पूरा होने के बाद ही चारों निकायों की पूरी पार्षद संख्या स्पष्ट होने और मेयर-अध्यक्ष चुनाव की नई प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता खुला। इससे पहले राज्य निर्वाचन आयुक्त डॉ. राजेश्वर सिंह ने भी कहा था कि पुनर्मतदान की मतगणना के तुरंत बाद 21 और 22 सितंबर को चुनाव करा पाना संभव नहीं होगा, क्योंकि उम्मीदवारों को नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी के लिए निर्धारित समय देना आवश्यक है। उस समय आयोग से जुड़े अधिकारियों ने 25 सितंबर या उसके बाद चुनाव कराए जाने की संभावना जताई थी।

नए कार्यक्रम के अनुसार जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगम के महापौर तथा सुकेत नगर पालिका के अध्यक्ष पद के लिए 19 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद उम्मीदवारों को 22 सितंबर तक नाम वापस लेने का अवसर मिलेगा। शेष वैध उम्मीदवारों के बीच 25 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।

नगर निगमों में निर्वाचित पार्षद मेयर का चुनाव करेंगे, जबकि सुकेत नगरपालिका के निर्वाचित पार्षद अध्यक्ष का निर्वाचन करेंगे। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। इसके अगले दिन 26 सितंबर को तीनों नगर निगमों में डिप्टी मेयर और सुकेत में उपाध्यक्ष पद की प्रक्रिया पूरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *