जयपुर के पुनर्मतदान वाले चारों वार्डो के परिणाम घोषित
जयपुर। जयपुर नगर निगम के चार वार्डो सहित कोटा और जोधपुर में पुनर्मतदान के बाद सामने आए परिणामों में जयपुर की चारों सीटों पर जहां कांग्रेस ने बाजी मारी, वही जोधपुर में एकमात्र सीट पर भाजपा कड़े मुकाबले में जीती। कोटा में एक सीट पर कांग्रेस दो पर भाजपा जीती है।
नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 09, 18, 25 एवं 34 के 5 मतदान केन्द्रों पर 16 सितम्बर को कराए गए पुनर्मतदान के बाद गुरुवार को आए परिणाम के अनुसार वार्ड संख्या 09 से कैलाशी (कांग्रेस) ने 764 मतों के अंतर से, वार्ड संख्या 18 से वंदिता शर्मा (कांग्रेस) ने 181 मतों के अंतर से, वार्ड संख्या 25 से रेखा देवी (कांग्रेस) ने 397 मतों के अंतर से तथा वार्ड संख्या 34 से सुरेश यादव (कांग्रेस) ने 149 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
नगर निगम चुनाव में वार्ड 50 के मतदान केंद्र 338 पर बुधवार को हुए पुनर्मतदान के बाद गुरुवार सुबह इस वार्ड का परिणाम घोषित कर दिया गया है। इसमें भारतीय जनता पार्टी के हेमाराम चौधरी 82 मतों से विजय घोषित किए गए हैं। इसके साथ ही भाजपा से जीतने वालों की संख्या 45 हो गई है। नगर निगम में भाजपा को महापौर बनने के लिए 100 सदस्यों में 51 सदस्यों की आवश्यकता है। ऐसे में अब 6 निर्दलीयों के समर्थन से भाजपा यहां अपना बोर्ड बना सकती है।
जोधपुर में हेमाराम चौधरी को 1,725 मत और कांग्रेस के प्रत्याशी युवराज को 1,642 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी रिंकू मेवाड़ा को 540, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के प्रत्याशी दीपक जांगिड़ को 155 और निर्दलीय प्रत्याशी देशराज सिंह को 113 मत प्राप्त हुए। यहां 82 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना।
नगर निगम कोटा और सुकेत नगर पालिका के चार बूथ पर बुधवार को हुई रिपोलिंग का परिणाम गुरुवार को जारी कर दिया गया। इसमें भारतीय जनता पार्टी को दो वार्ड में जीत मिली है, जबकि दो वार्ड में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया है। नगर निगम कोटा की बात की जाए तो वार्ड नंबर 11 में कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश चुनाव जीत गई हैं।
इसी तरह वार्ड नंबर 44 में भाजपा के प्रेम सिंह गौड़ और वार्ड 87 में पुष्पा चौधरी चुनाव जीत गई हैं. ऐसे नगर निगम कोटा के चुनाव में 100 सीटों का पूरा परिणाम घोषित हो गया है. जिसके तहत भारतीय जनता पार्टी को 57, कांग्रेस को 39 और 4 सीटों पर निर्दलीय चुनाव जीते हैं।