जूली का हमला – बच्चों पर पैलेट गन चलाने के बाद बोले मोदी

 

बच्चों पर पैलेट गन चलाने और ज़ुल्म की इंतिहा के बाद, आखिरकार पहली बार बोले मोदी जी: टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा
-बेटियाँ अपने हक की आवाज़ उठा रही थीं, तब उनके साथ बर्बरता की
अधिकारियों का तबादला महज़ आईवॉश
राहुल गांधी जी इस दमनकारी सरकार के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष कर रहे

जयपुर । राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने छात्र आंदोलन एवं नीट पेपर लीक मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो बयान को लेकर तीखा सियासी हमला बोला है।

जूली ने कहा कि देश का युवा पिछले एक महीने से सड़कों पर आंदोलित है और पेपर लीक की घटनाओं को हुए महीनों बीत चुके हैं, लेकिन केंद्र सरकार पूरी तरह संवेदनहीन बनी रही। आज यदि प्रधानमंत्री को इस मुद्दे पर अपनी ज़बान खोलनी पड़ी है, तो यह भाजपा सरकार की कोई मेहरबानी नहीं, बल्कि पीड़ित छात्रों, युवाओं की एकजुट ताकत और सड़कों पर हुए उनके ऐतिहासिक आंदोलन का परिणाम है।

उन्होंने याद दिलाया कि जब राजस्थान में कांग्रेस सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ देश का सबसे सख्त कानून बनाया था, तब केंद्र सरकार को तत्काल उसे पूरे देश में लागू करना चाहिए था। केंद्र द्वारा बनाए गए कमजोर और लचर कानूनों के कारण ही आज नीट जैसी राष्ट्रीय परीक्षाओं में धांधली करने वाले माफिया बेखौफ घूम रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जो छात्र आपके बेहद कमजोर और भ्रष्ट सिस्टम के कारण आत्महत्या करने को मजबूर हुए, जो परीक्षा से बाहर हो गए या ओवर-एज हो गए उनकी भरपाई कौन करेगा? जब देश की बेटियाँ अपने हक की आवाज़ उठा रही थीं, तब आपकी पुलिस अधिकारियों ने उनके साथ बर्बरता की, लाठियाँ बरसाईं, थप्पड़ मारे और कपड़े तक फाड़ दिए। छात्रों का अमानवीय उत्पीड़न करने और लगातार उनका अपमान करने के बाद अब केंद्र सरकार को समझ आया है कि देश में क्या हालात हैं।
जूली ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र और संविधान की मर्यादाओं को भूलकर तानाशाह रवैये पर उतर आई है, जहाँ जंतर-मंतर से लेकर पूरे देश में उठने वाली हर लोकतांत्रिक आवाज़ और विपक्ष को लाठी-डंडों व गिरफ्तारियों के दम पर कुचलने की कोशिश की जा रही है।

शिक्षा मंत्रालय और प्रशासनिक व्यवस्था में हालिया फेरबदल पर कटाक्ष करते हुए श्री जूली ने कहा कि यह कार्रवाई केवल जनता और छात्रों का ध्यान भटकाने का एक छलावा मात्र है। उन्होंने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी तय करते हुए शिक्षा मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए था, लेकिन सरकार ने महज़ शिक्षा सचिव का तबादला कर अपनी जिम्मेदारियों से इतिश्री कर ली।
यही नहीं, उनकी जगह जिस नए अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे खुद अपने और मंत्री जी के परिवार को सब्सिडी देने जैसे गंभीर आरोपों से घिरे हुए हैं। ऐसे में इस भ्रष्ट और सेट-अप सिस्टम से शिक्षा व्यवस्था के भले की उम्मीद कैसे की जा सकती है? सीबीआई की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि नीट ’24 के मुख्य मास्टरमाइंड तक को आसानी से बरी किया जा रहा है, जिससे साफ जाहिर होता है कि सरकार माफियाओं को संरक्षण दे रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक छात्रों और युवाओं की आवाज़ को दबने नहीं देगी। NEET पेपर लीक के बाद से ही कांग्रेस पार्टी ने ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर देशव्यापी प्रदर्शन किए हैं और यह लड़ाई आगे भी जारी रहेगी। संसद में राहुल गांधी के नेतृत्व में पूरा INDIA गठबंधन पूरी एकजुटता के साथ युवाओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। राहुल गांधी जी युवाओं की बुलंद आवाज़ बनकर इस दमनकारी सरकार के खिलाफ हर स्तर पर संघर्ष करेंगे। जूली ने कहा कि यह देश महात्मा गांधी, लोकतंत्र और बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान से चलता है; भाजपा की तानाशाही और जुमलेबाज़ी को देश का युवा अब कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *