तीन नाबालिगों ने ही काटा था 10 साल के बच्चे का सिर

जयपुर। राजधानी की मुहाना थाना पुलिस ने नाबालिग बच्चे के ब्लाइंड मर्डर का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। जयपुर पुलिस ने इस हत्या का पर्दाफाश करते हुए तीन नाबालिगों को निरुद्ध किया है। मामूली झगड़े को लेकर आरोपियों ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए 150 से ज्यादा लोगों से पूछताछ के बाद पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया। हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।

डीसीपी साउथ राजर्षि राज ने बताया कि 25 जून को सूचना मिली थी कि केश्यावाला गांव में पानी की टंकी के पास नाले में एक बच्चे का शव मिला है। बच्चे का सिर शरीर से अलग था। बच्चा 14 जून से लापता था और इसकी रिपोर्ट भी दर्ज थी। घटना की गंभीरता देखते हुए विशेष टीम गठित की गई। एडिशनल डीसीपी साउथ ललित कुमार शर्मा और एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र शर्मा के निर्देशन में मुहाना थाना प्रभारी लखन खटाना के नेतृत्व में टीम काम पर लगी।
डीसीपी ने बताया कि वारदात के तरीके और रूट के आधार पर 150 से अधिक संदिग्धों से पूछताछ की गई। 200 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर तीन नाबालिग आरोपियों को निरुद्ध किया गया। आरोपी और मृतक एक ही कॉलोनी में रहते थे तथा एक-दूसरे को जानते थे। हत्या से कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में छोटा-मोटा झगड़ा हुआ था। मृतक ने आरोपी की बहन को कुछ कह दिया था, जिसके बदले आरोपी बच्चों ने हत्या कर दी।

डीसीपी ने बताया कि नाबालिग घटना के बाद शव को नाले के किनारे फेंक दिया गया था। लंबे समय तक शव वहां पड़ा रहने से डिकंपोज्ड हो गया था, जिसके कारण धड़ और सिर अलग हो गए। पुलिस ने तीनों नाबालिगों को निरुद्ध कर लिया है और मामले में विधि अनुसार कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *