भाजपा के कार्यक्रम में राज्यपालों की मौजूदगी,कांग्रेस ने सवाल उठाया

जयपुर। भाजपा के कार्यक्रम में राज्यपाल की मौजूदगी पर राजस्थान कांग्रेस ने सवाल उठाये हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने यह सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम में राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े एवं गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत की मौजूदगी संवैधानिक मर्यादा और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

डोटासरा ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि राज्यपाल संविधान के निष्पक्ष प्रहरी होते हैं, किसी राजनीतिक दल के प्रचारक नहीं। भाजपा के राजनीतिक कार्यक्रम में संवैधानिक पदों का इस तरह इस्तेमाल लोकतंत्र की हत्या है।

डोटासरा ने लिखा है कि विडंबना देखिए, किसानों के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम में कृषि मंत्री शामिल क्यों नहीं हुए? सरकार को ये भी बताना चाहिए अगर किसानों के हितों पर इतनी ही गंभीरता थी तो कृषि मंत्री को कार्यक्रम से दूर क्यों रखा गया? क्या छापेमारी की आड़ में करोड़ों का भ्रष्टाचार सामने आने के बाद सरकार ने कृषि मंत्री से दूरी बना ली है?

मुख्यमंत्री जी, राजस्थान की जनता आपसे जानना चाहती है, जवाब दीजिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *