बीकानेर में 6 प्रसूताओं की किडनी खराब होना सरकार की घोर लापरवाही : टीकाराम जूली, नेता प्रतिपक्ष राजस्थान विधानसभा
कोटा का जख्म अभी भी गहरा
लाचार सरकार, बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और जवाबदेही से भागती भाजपा; जनता भुगत रही वोट देने की सजा
गरीब के सिलेंडर कम कर 12 साल का जश्न मना रही मोदी सरकार
जयपुर । नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश की मौजूदा स्थिति पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि आज राजस्थान की जनता भाजपा को वोट देने की सजा भुगत रही है। प्रदेश में सरकार नाम की कोई चीज नजर नहीं आ रही है। एक तरफ आम जनता बुनियादी सुविधाओं और इलाज के लिए तड़प रही है, तो दूसरी तरफ पूरी सरकार जवाबदेही से भागकर केवल अपनी छवि चमकाने में मस्त है।
टीकाराम जूली ने कहा कि कोटा में 5 प्रसूताओं की मौत का घाव अभी भरा भी नहीं था कि अब बीकानेर के पीबीएम अस्पताल से आई खबर ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। वहां सिजेरियन डिलीवरी के बाद 6 महिलाओं की किडनी खराब होने के समाचार बेहद डरावने और विचलित करने वाले हैं। आज हमारी माताएं-बहनें आईसीयू, वेंटिलेटर और डायलिसिस पर जीवन और मौत से संघर्ष कर रही हैं। यह कोई सामान्य घटना या इत्तफाक नहीं है, बल्कि यह भाजपा सरकार की विफल स्वास्थ्य नीतियों, प्रशासनिक लापरवाही और संवेदनहीनता का भयावह परिणाम है। प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में एक के बाद एक गंभीर और जानलेवा हादसे सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के बजाय मामलों को दबाने और अपनी नाकामियों को छिपाने में लगी हुई है।
नेता प्रतिपक्ष ने सीधे मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री जी, आपकी प्राथमिकता प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारना नहीं, बल्कि उसकी नाकामियों पर पर्दा डालना बन चुकी है।” उन्होंने कहा कि कोटा हो या बीकानेर, हर दर्दनाक घटना के बाद सरकार केवल औपचारिक बयान देकर मामलों को रफा-दफा करने का प्रयास करती है। जूली ने तीखे सवाल पूछते हुए कहा कि आखिर इन मौतों और प्रसूताओं की बिगड़ती हालत की जिम्मेदारी कौन लेगा? कब तक यह लाचार सरकार अपनी विफलताओं को छिपाती रहेगी? क्या भाजपा राज में इसी बदहाली को ‘अग्रणी राजस्थान’ कहा जाता है? आखिर कितनी और माताओं की जिंदगी दांव पर लगने के बाद इस सोई हुई सरकार की नींद खुलेगी?
*इधर तड़प रहा है गरीब, उधर 12 साल के जश्न में डूबी है मोदी सरकार :*
सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता पर प्रहार करते हुए श्री टीकाराम जूली ने कहा कि आज राजस्थान का गरीब, लाचार और मध्यमवर्ग परेशान है, जबकि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य के भाजपा नेता धरातल की हकीकत से आंखें मूंदकर ’12 साल के जश्न’ और उत्सव मनाने में डूबे हुए हैं। भाजपा के लिए जनता की जान और उनकी सहूलियत से ज्यादा जरूरी सिर्फ और सिर्फ अपनी ब्रांडिंग और सियासी उत्सव रह गए हैं। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और हुक्मरान जश्न के उल्लास में डूबे हैं, जो लोकतंत्र का सबसे क्रूर चेहरा है।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए थे कि साल में 12 सब्सिडी वाले सिलेंडर दिए जाएंगे। लेकिन सत्ता में आते ही भाजपा का असली जनविरोधी चेहरा सामने आ गया। पिछले साल इन सिलेंडरों की संख्या को 12 से घटाकर पहले 9 कर दिया गया, और अब हद पार करते हुए सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या को 9 से भी घटाकर केवल 4 कर दिया गया है। यह सीधे तौर पर गरीब के हाथ से निवाला छीनने की साजिश है। महंगाई से त्रस्त जनता को राहत देने के बजाय भाजपा सरकार उन्हें और ज्यादा गर्त में धकेल रही है। राजस्थान की जनता भाजपा के इस धोखे और कुशासन को देख रही है और वक्त आने पर इसका माकूल जवाब देगी।