पानी के लिए जल भवन पर मटका फोड़ प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

 

पानी के लिए जल भवन का घेराव कर, मटका फोड़ प्रदर्शन करेगी कांग्रेस

प्रताप सिंह खाचरियावास अपने निवास से सुबह 10:00 बजे करेंगे पदयात्रा (पानी यात्रा) कार्यकर्ता होंगे शामिल

जयपुर। पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि पूरे जयपुर में गंदे पानी की सप्लाई के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। राजधानी में लोगों को पीने का साफ पानी तक नसीब नहीं हो रहा। भाजपा सरकार ने गर्मी शुरू होने से पहले कोई कंटनजेंसी प्लान नहीं बनाया, जिसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। आज लोग 50 रुपये में पानी के कैम्पर खरीदने को मजबूर हैं, जबकि टैंकर माफिया 500 रुपये तक वसूल रहे हैं। सरकार की ओर से फ्री पानी के टैंकर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे, जबकि पीने का पानी जनता की बुनियादी जरूरत है।

खाचरियावास ने कहा कि भाजपा सरकार के अत्याचार और गंदे पानी की समस्या के विरोध में जयपुर कांग्रेस 25 मई को सुबह 10:00 बजे खाचरियावास हाउस ,सिविल लाइंस से जलभवन तक पैदल “पानी यात्रा” निकालेगी। कांग्रेस कार्यकर्ता जलभवन पहुंचकर मटका फोड़ प्रदर्शन करेंगे और सरकार की नींद खोलने का काम करेंगे।

उन्होंने कहा कि जब तक जयपुर सहित पूरे प्रदेश में गंदे पानी की समस्या का समाधान नहीं होता और सरकार जनता को पर्याप्त शुद्ध पेयजल व फ्री टैंकर उपलब्ध नहीं कराती, तब तक आंदोलन लगातार जारी रहेगा।

खाचरियावास ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, जलदाय मंत्री कन्हैयालाल चौधरी और भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के मंत्री और विधायक जनता की पानी की समस्या से पूरी तरह बेपरवाह हैं। राजधानी जयपुर में ही जब लोग पीने के पानी के लिए परेशान हैं और गंदे पानी की समस्या बनी हुई है, तो पूरे प्रदेश के हालात कितने खराब होंगे इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *