नीट पेपर लीक मामले में प्रधान और दिलावर जवाबदेही से भाग रहे हैं

 

बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान अल्लाह ; नीट पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान और मदन दिलावर दोनों जवाबदेही से भाग रहे हैं

– *शिक्षा मंत्री मदन दिलावर की संवेदनहीनता का आलम यह है कि वे लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ी NEET पेपर लीक जैसी गंभीर घटना को “कोई बड़ी बात नहीं” बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे हैं*
– *पेपर लीक पर गला फाड़ने वाले पीएम मोदी- सीएम भजनलाल शर्मा की रहस्यमयी चुप्पी :*

जयपुर । नीट पेपर लीक मामले को लेकर देश के तकरीबन 22 लाख बच्चों के भविष्य के साथ जो खिलवाड़ हुआ है, उसने भारतीय जनता पार्टी के असली चेहरे को बेनकाब कर दिया है। राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने इस पूरे घटनाक्रम पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा है कि नीट पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपी भाजपा नेता खुद सीबीआई हिरासत में यह कबूल कर रहे हैं कि “बड़े लोगों को बचाया जा रहा है।”

जूली ने सीधे शब्दों में सवाल दागा है कि आखिर कौन हैं भाजपा के वे ‘बड़े लोग’, जो देश के मासूम बच्चों के भविष्य और उनकी मेहनत के साथ सरेआम खिलवाड़ कर रहे हैं? केंद्र से लेकर राज्य तक, भाजपा सरकारें सिर्फ और सिर्फ अपराधियों को संरक्षण देने और अपनी जवाबदेही से भागने में लगी हुई हैं।

*जिम्मेदारी से भाग रहे केंद्रीय शिक्षा मंत्री, एनटीए की कार्यशैली पर उठे सवाल :*
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस पूरे मामले में केंद्र सरकार का रवैया बेहद शर्मनाक रहा है। देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपनी नैतिक जिम्मेदारी से लगातार भाग रहे हैं। आज पूरे देश में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की कार्यशैली और विश्वसनीयता की घोर निंदा हो रही है, अख़बारों में इसके ऊपर सम्पादकीय लिखे जा रहे हैं ,लेकिन इसके बावजूद शिक्षा मंत्री हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। वो नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पर कोई ठोस कार्रवाई करने और देश के छात्रों को न्याय देने के बजाय सिर्फ और सिर्फ अपनी जवाबदेही से बचने के बहाने ढूंढ रहे हैं।

*बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान अल्लाह; राजस्थान के शिक्षा मंत्री की संवेदनहीनता चरम पर :*
जूली ने कहा कि केंद्र की नाकामी तो जगजाहिर थी ही, लेकिन राजस्थान में तो स्थिति और भी बदतर है। यहां “बड़े मियां तो बड़े मियां, छोटे मियां सुभान अल्लाह” वाली कहावत पूरी तरह चरितार्थ हो रही है। राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर इस बेहद गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर इतने संवेदनहीन हो चुके हैं कि वे NEET पेपर लीक जैसी भयानक घटना को “कोई बड़ी बात नहीं” बताकर अपना पल्ला झाड़ रहे हैं। लाखों युवाओं के सपनों के टूटने का इन लोगों में तनिक सा भी अहसास या पछतावा नहीं है। यह बयान प्रदेश के युवाओं के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

*पेपर लीक पर गला फाड़ने वाले मोदी-भजनलाल की रहस्यमयी चुप्पी :*
नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो नेता मंचों से “पेपर लीक-पेपर लीक” चिल्लाते नहीं थकते थे, आज जब उनके राज में देश की सबसे बड़ी परीक्षा का पेपर लीक हो गया, तो दोनों ने रहस्यमयी चुप्पी साध ली है। प्रधानमंत्री मोदी जी और मुख्यमंत्री भजनलाल जी अब इस मुद्दे पर एक शब्द भी बोलने को तैयार नहीं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *