कोटा। कोटा के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज अस्पताल में आज बुधवार हंगामा हो गया,जब अस्पताल के गायनिक वार्ड में भर्ती 6 प्रसूताओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई। तबियत बिगड़ने के बाद एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी 5 महिलाओं की हालत अभी चिंताजनक बनी हुई है, जिन्हें तुरंत नेफ्रोलॉजी और गायनिक वार्ड में शिफ्ट किया गया है। यहां भर्ती मरीजों के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल स्टाफ के गलत दवा या इंजेक्शन देने के कारण यह घटना हुई है।
इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. नीलेश जैन ने बताया कि प्रभावित महिलाओं में प्लेटलेट्स की कमी, ब्लड प्रेशर कम होना और यूरिन आउटपुट बंद होने जैसे गंभीर लक्षण देखे गए हैं। डॉक्टरों की टीम ने बताया कि इन महिलाओं की किडनी में इंफेक्शन फैल गया है। हालांकि वर्तमान में उनका स्वास्थ्य स्थिर बताया जा रहा है, लेकिन वे अभी भी पूरी तरह खतरे से बाहर नहीं हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर लगातार उनकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
इस हादसे की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने दो अलग-अलग जांच कमेटियां बनाई हैं। एक कमेटी में 5 सीनियर एक्सपर्ट्स डॉक्टरों की टीम महिलाओं के इलाज पर 24 घंटे नजर रख रही है,जिनकी तबीयत बिगड़ी है। दूसरी टीम,जिसमें 3 सदस्य है इस बात की जांच कर रही है कि आखिर इंफेक्शन की वजह क्या थी? क्या यह किसी खास एंटीबायोटिक का रिएक्शन था या फिर आईवी फ्लूइड में कोई खराबी थी? इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही असली वजह साफ हो पाएगी।
इस घटनाक्रम में मृतक महिला पायल के परिजनों और अन्य महिलाओं के रिश्तेदारों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और स्टाफ पर सवाल उठाए हैं। एक महिला के पति लोकेश मीणा ने बताया कि रात को यूरिन बंद होने की शिकायत करने पर भी स्टाफ ने गंभीरता नहीं दिखाई। उन्होंने दावा किया कि डॉक्टरों की आपसी बातचीत से ऐसा लगा कि कोई गलत दवा दी गई है। फिलहाल ज्योति, चंद्रकला, धन्नी और रागिनी का इलाज नेफ्रोलॉजी वार्ड में जारी है।
इधर घटना की सूचना मिलने पर कोटा दक्षिण से विधायक संदीप शर्मा तुरंत अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन से जवाब तलब किया। विधायक ने बताया कि कुल 13 महिलाओं को दवाएं दी गई थीं, जिनमें से 6 की हालत बिगड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहली प्राथमिकता बाकी 5 महिलाओं की जान बचाना है। प्रशासन को इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
कोटा अस्पताल में एक महिला की मौत, पांच की तबीयत बिगड़ी