जयपुर। राजस्थान विधानसभा को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। विधानसभा की आधिकारिक ईमेल आईडी पर सोमवार को धमकी भरा ईमेल आने से हड़कंप मच गया। जानकारी मिलने पर ज्योति नगर थाना पुलिस के साथ ही बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड ने चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।
विधानसभा के उपनिदेशक (जनसंपर्क) डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि आज सोमवार सुबह करीब 5:43 बजे विधानसभा की ईमेल आईडी पर यह मेल आया था। जिसमें विधानसभा में सिलिकॉन और आरडीएक्स प्लांट करने की धमकी दी गई। इस ईमेल में सभी वीआईपी को बाहर निकालने और बम फटने की बात भी कही गई है। उन्होंने बताया कि विधानसभा कार्यालय खुलने पर इस मेल के बारे में जानकारी मिली और तत्काल पुलिस को इस बारे में जानकारी दी गई।
डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते ने विधानसभा परिसर में कर्मचारियों को बाहर निकालकर सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। इस दौरान दमकल और सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर तैनात रही।
राजस्थान विधानसभा को अप्रैल महीने में बम से उड़ाने की धमकी तीसरी बार मिली है। सबसे पहले 13 अप्रैल को विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद 24 अप्रैल को एक बार फिर विधानसभा की ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया था।