जयपुर। राजधानी जयपुर में अवैध संबंधों के चलते एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। घटना में प्रेमी ने गला दबाकर शादीशुदा प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। वहीं वारदात को अंजाम देने वाले शख्स को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। महिला अपने पति और ढाई साल की बच्ची के साथ रहती थी। पति के साथ कपड़े की दुकान पर काम करने वाले युवक से उसका अफेयर था। आपसी विवाद के बाद प्रेमी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। मालपुरा गेट थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
मालपुरा गेट थानाधिकारी उदयभान रावत ने बताया कि मृतका की पहचान नीतू सैन के रूप में हुई है। वह अपने पति सनोज और ढाई साल की बेटी के साथ सांगानेर के महावीर नगर में किराए के मकान में रहती थी। उसका पति मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है, जो जयपुर में कैब चलाता है और एक कपड़े की दुकान पर भी काम करता है। सनोज ने मालपुरा गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया कि उसकी पत्नी नीतू की गला दबाकर हत्या कर दी गई है।
एसएचओ ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव सवाई मानसिंह अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उनका कहना है कि पुलिस ने जांच शुरू की तो शक की सुई महिला के प्रेमी पर गई। अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि प्रेमी अंशु सोलंकी ने गला दबाकर नीतू की हत्या कर दी। अंशु को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। अब उससे पूछताछ और मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पड़ताल में सामने आया कि नीतू का पति सनोज और आरोपी अंशु एक कपड़े की दुकान पर साथ काम करते थे। अंशु का सनोज के घर आना-जाना होने लगा। इस बीच नीतू और अंशु के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी। इसकी भनक पति सनोज को लगने पर कई बार इस बात को लेकर झगड़ा भी हो चुका। पुलिस का कहना है कि इस मामले को लेकर आरोपी से पूछताछ और अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है।