न्यू सांगानेर रोड़ पर बड़ी कार्यवाही,250 अतिक्रमण निशाने पर

जयपुर । राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश की पालना में जयपुर विकास प्राधिकरण ने न्यू सांगानेर रोड पर सोमवार सुबह अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। सोडाला तिराहे से गुर्जर की थड़ी तक सड़क सीमा में आ रहे स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से की जाएगी। पहले चरण में रोड सीमा में आ रहे निर्माण और अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। वहीं, कुछ लोग अपने स्तर पर भी अतिक्रमण हटा रहे हैं।

जेडीए की टीम सोमवार सुबह न्यू सांगानेर रोड पर कार्रवाई के लिए पहुंची। कार्रवाई से पहले बड़ी संख्या में पुलिस जाप्ता तैनात किया गया। यहां प्रवर्तन शाखा की ओर से बुलडोजर और पोकलेन मशीनों के जरिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है। जेडीए के प्रवर्तन शाखा में पुलिस उपाधीक्षक इस्लाम खान ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश पर डिमार्केशन किया गया, नोटिस दिए गए। पीटी सर्वे भी करवाया गया और आज जो रोड साइट पर अतिक्रमण है, उन्हें हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है। फिलहाल जो रोड पर दिखते हुए स्थाई अस्थाई अतिक्रमण हैं, उन्हें चिह्नित किया गया और उन्हें हटाया जा रहा है। इसके अलावा 210 नोटिस दिए हैं, उन पर आपत्ति आई है। इन आपत्तियों का एग्जामिन कर उनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आज पहले फेज की कार्रवाई है। इसके बाद जो नोटिस दिए गए थे, उन पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जाएगी। जो 210 नोटिस दिए गए हैं, इसमें मकान, दुकान, शोरूम, दीवारें, रैंप सभी तरह के अतिक्रमण शामिल हैं। त्योहारी सीजन के बीच इस तरह की कार्रवाई को अमल में लाने पर उठ रहे सवाल के जवाब में इस्लाम खान ने कहा कि ये एक सतत प्रक्रिया है। 12 महीने ही त्योहार रहते हैं। हालांकि, उन्हें नहीं लगता कि व्यापारियों को इससे कोई नुकसान होगा, बल्कि रोड चौड़ी होगी तो अच्छा व्यापार होगा।
मास्टर प्लान के तहत न्यू सांगानेर रोड को 160 फीट चौड़ा करने की योजना है. सोडाला तिराहे से गुर्जर की थड़ी के बीच सड़क किनारे बड़ी संख्या में निर्माण और पार्किंग के कारण यातायात प्रभावित होता है। सड़क चौड़ीकरण के लिए जेडीए ने रोड सीमा में आने वाले निर्माणों को चिह्नित किया है। जेडीए के स्तर पर सोडाला से गुर्जर की थड़ी के बीच करीब 2.3 से 3 किलोमीटर के हिस्से में 210 से ज्यादा मकान और दुकानों को चिह्नित कर नोटिस दिया गया है। संबंधित लोगों को पहले नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया गया था। नोटिस अवधि पूरी होने के बाद अब जेडीए ने मौके पर कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *