अलवर / चित्तौड़गढ़ |केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अलवर और चित्तौड़गढ़ में आयोजित दो अलग अलग जनसभाओं में कांग्रेस पर जोरदार राजनीतिक हमला बोलते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से दोनों हाथ उठवाकर विजय का संकल्प कराया और कहा कि राजस्थान की जनता ने भाजपा को चुनने का मन बना लिया है। शाह ने कांग्रेस के भीतर नेताओं के बीच चल रही आपसी खींचतान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस नेता आपसी झगड़ों में व्यस्त हैं, जबकि भाजपा राजस्थान और अलवर को विकास की राह पर आगे बढ़ाने में जुटी है।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वंदे मातरम् के पूर्ण गायन को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच अपने सियासी विवाद पर बीजेपी ने कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और पार्टी नेतृत्व पर राष्ट्रीय गीत के कथित अपमान का आरोप लगाया है।
इस मुद्दे को लेकर गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को चित्तौड़गढ़ में सोनिया गांधी और कांग्रेस को इस मसले पर आड़े हाथ लेते हुए कांग्रेस के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को इस पूरे घटनाक्रम पर शर्म महसूस करनी चाहिए। शाह ने सोनिया गांधी को निशाने पर लेते हुए देशवासियों से माफी मांगने की मांग की। बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने वंदे मातरम् के पूर्ण संस्करण के गायन को लेकर आपत्ति जताई और इसे रोकने का प्रयास किया। उन्होंने ने कहा कि वंदे मातरम् केवल एक गीत नहीं, बल्कि स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रतीक है। पार्टी ने कांग्रेस नेतृत्व पर राष्ट्रीय भावना का अनादर करने का आरोप लगाते हुए सार्वजनिक स्पष्टीकरण और माफी की मांग की है।
इधर अलवर में अमित शाह ने कहा कि राजस्थान की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताया है और आने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा की ही जीत होगी। उन्होंने अलवर सहित पूरे प्रदेश में होने वाले निकाय चुनावों के लिए भाजपा के चुनावी अभियान का श्रीगणेश किया और कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को निकाय व पंचायत चुनावों में शिकस्त देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री एवं अलवर सांसद भूपेंद्र यादव लंबे समय से अलवर में पांच लाख लीटर क्षमता वाले डेयरी प्लांट की मांग कर रहे थे।
इसी क्रम में अलवर में तीन लाख लीटर दूध की क्षमता वाले प्रोसेसिंग प्लांट का शिलान्यास किया गया है, जिसकी क्षमता जल्द ही बढ़ाकर 5 लाख लीटर कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जब प्रतिदिन लाखों लीटर दूध पशुपालकों से डेयरी पहुंचता है और उसका भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में जाता है, तो इसका सकारात्मक असर केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे परिवार की आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। शाह ने डेयरी और सहकारिता को ग्रामीण अर्थव्यवस्था बदलने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने गुजरात की डेयरी व्यवस्था का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां लाखों महिलाएं सहकारिता से जुड़ी हैं और डेयरी के माध्यम से आर्थिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सहकारिता के जरिए ग्रामीण महिलाओं और पशुपालकों की आय बढ़ाने के साथ-साथ नई पीढ़ी के लिए भी आर्थिक अवसर पैदा किए जा सकते हैं। उन्होंने राजस्थान में सॉर्टेड सीमेन उत्पादन की व्यवस्था विकसित करने की इच्छा जताई. शाह ने कहा कि यदि राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराती है, तो राजस्थान में ही ‘सेक्स सॉर्टेड सीमेन’ तैयार करने की प्रयोगशाला विकसित की जाएगी, जिससे अधिक संख्या में बछिया पैदा हों और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने वाली उन्नत नस्लों को प्रोत्साहित किया जा सके।
अमित शाह ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पशु बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पशुपालकों के लिए बीमा व्यवस्था होने से आने वाले समय में दुग्ध उत्पादों के निर्यात की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। उन्होंने अलवर की पशुपालक महिलाओं से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें बताया गया कि अभी दूध का भुगतान 15 दिनों में मिलता है। शाह ने कहा कि सरस डेयरी के माध्यम से प्रयास किया जाएगा कि इस अवधि को घटाकर सात दिन किया जाए, ताकि पशुपालकों के खातों में जल्द भुगतान पहुंच सके। उन्होंने इसे सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
कांग्रेस पर राजनीतिक हमला बोलते हुए शाह ने एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर खरीद और विभिन्न फसलों के समर्थन मूल्य में हुई वृद्धि का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के कार्यकाल में किसानों को उनकी फसलों का बेहतर मूल्य दिलाने के लिए एमएसपी में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है।
गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता आपसी विवादों में उलझे हुए हैं, जबकि भाजपा सरकार पूरी तरह विकास कार्यों पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने भाजपा को पूर्ण बहुमत देकर सत्ता सौंपी है और अब स्थानीय निकाय चुनावों में भी भाजपा को भारी मतों से मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह जब भी राजस्थान आते हैं, वे प्रदेश के लिए नई सौगात देकर जाते हैं। उन्होंने अलवर की जनसभा में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि श्वेत क्रांति 2.0 के माध्यम से दूध उत्पादन और खरीद बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की मातृशक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है. उन्होंने अलवर में सरस डेयरी के नए प्लांट के शिलान्यास को पशुपालकों के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इससे दूध प्रसंस्करण की क्षमता बढ़ेगी और दुग्ध उत्पादों को बेहतर बाजार मिल सकेगा।