श्रमदान से टूटती हैं भेदभाव की दीवारें, बढ़ती है श्रम की प्रतिष्ठा: टीकाराम जूली
महात्मा गांधी के सर्वोदय की भावना यही है कि जब तक हम पसीना बहाने वाले आम इंसान के सुख-दुख के भागीदार नहीं बनेंगे, तब तक समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है
अजमेर। पुष्कर में आयोजित कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर के कार्यक्रमों की निरंतरता में शनिवार को एक बड़ा संगठनात्मक और सामाजिक संदेश दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष श्री टीकाराम जूली, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा एवं राजस्थान व दिल्ली के कांग्रेस जिलाध्यक्षों ने शनिवार को पुष्कर में आयोजित संगठन प्रशिक्षण शिविर के कार्यक्रमों की कड़ी में नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम फारकिया पहुँचकर नरेगा श्रमिकों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर श्रमदान किया।
इस अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के स्वावलंबन, सर्वोदय और जनसरोकारों के पावन विचारों को आत्मसात करते हुए कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और कार्यकर्ताओं ने अपनी सामाजिक और राजनैतिक प्रतिबद्धता को दोहराया।
श्रमदान के इस पुनीत कार्य के दौरान नेता प्रतिपक्ष श्री जूली ने नरेगा श्रमिकों के साथ श्रमदान कर उनसे संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना। जूली ने कहा है कि कांग्रेस सदैव ही समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति के उत्थान और उसके अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रही है।
जूली ने कहा है कि ” महात्मा गांधी के सर्वोदय का मूल मंत्र यही है कि जब तक हम पसीना बहाने वाले आम इंसान के सुख-दुख के भागीदार नहीं बनेंगे, तब तक समाज का वास्तविक विकास संभव नहीं है। श्रमदान जनसरोकारों से जुड़ने और समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को यह भरोसा दिलाने का संकल्प है कि कांग्रेस उनके हक के लिए हर स्तर पर साथ खड़ी है।”
उन्होंने सत्ता पक्ष को आड़े हाथों लेते हुए स्पष्ट किया कि आज जब प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं और ग्रामीण रोजगार की नींव मनरेगा को कमजोर करने के भाजपा द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं, तब कांग्रेस का प्रत्येक सिपाही धरातल पर उतरकर जनता के हक की लड़ाई लड़ने और महात्मा गांधी के सर्वोदय के स्वप्न को साकार करने के लिए पूरी दृढ़ता से खड़ा है।
जूली ने कहा कि इस सामूहिक श्रमदान ने न केवल संगठन की एकजुटता और सांगठनिक संकल्प को प्रदर्शित किया है, बल्कि यह संदेश भी साफ कर दिया है कि जनहित के मुद्दों और स्वावलंबन की इस वैचारिक यात्रा को किसी भी सूरत में रुकने नहीं दिया जाएगा।