जयपुर। राजस्थान सरकार स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में बीजेपी सरकार की ओर से किए जा रहे बदलाव को लेकर राजस्थान के सभी सरकारी कर्मचारी और पेंशनर्स सरकार से नाराज नजर आ रहे है। नए बदलाव के तहत आरजीएचएस योजना को कैशलेस से बदलकर इंश्योरेंस मॉडल पर लाने की तैयारी है। राज्य कर्मचारी और पेंशनर्स चाहते हैं कि योजना का निजीकरण ना हो। आरजीएचएस योजना यथावत रहे। कर्मचारी संगठनों का आरोप है कि विगत तीन माह से आरजीएचएस के तहत राज्य कर्मचारियों को स्वास्थ संबंधी कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) नाराज है,क्योंकि राजस्थान के 7 लाख कर्मचारी और 5 लाख पेंशनर्स पिछले तीन माह से आरजीएचएस योजना के तहत इलाज नहीं करवा पा रहे हैं सरकार स्वास्थ्य योजना को पीपीपी मोड पर देना चाहती है। राज्य के चतुर्थ श्रेणी से लेकर चीफ सेक्रेटरी तक सभी अपने वेतन से योजना के तहत पैसा कटवा रहे हैं। ऐसे में कोई भी कर्मचारी नहीं चाहता की योजना पीपीपी मोड पर जाए। सरकार योजना में घाटा बताकर पीपी मोड पर जाना चाहती है। 7 लाख कर्मचारी और 5 लाख पेंशनर्स प्रदेश में रोज इलाज नहीं ले रहे। योजना का सबसे ज्यादा फायदा विधायक, सांसद, जिला प्रमुख और नगर निकाय के अध्यक्ष ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को हमने पहले ही कहा था कि योजना में बोर्ड और निगमों को शामिल न करें,जबकि सरकार ने उनसे पैसा लेकर योजना में जोड़ दिया। जबकि निगम और बोर्ड स्वायत्त शासन संस्थाएं हैं। इसलिए सरकार को लग रहा है कि योजना से घाटा हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे अस्पताल जिनके पास पर्याप्त उपकरण और चिकित्सक तक नहीं है, उन्हें भी योजना से जोड़ दिया गया। ऐसे अस्पतालों को हटा देना चाहिए। सरकार खुद आरजीएचएस की मॉनिटरिंग नहीं कर रही है। कर्मचारी सरकार की मंशा से काफी आहत हैं. यही वजह है कि प्रदेश भर में आरजीएचएस के बदलाव को लेकर कर्मचारी आंदोलनरत हो रहे हैं।
इधर पेंशनर्स एसोसिएशन का कहना है कि राज्य कर्मचारी और पेंशनर्स के अधिकारों के साथ राज्य सरकार कुठाराघात कर रही है. 6 माह पहले से जीपीओ, सीपीओ, लाइव एनकैशमेंट का लाभ सरकार नहीं दे रही है। सीनियर सिटीजन होने के बावजूद आरजीएचएस योजना का लाभ लेने के लिए भटकना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल से लेकर आज तक प्राइवेट अस्पतालों में राज्य कर्मचारी और पेंशनर्स का शोषण किया जा रहा है। उन्हें आरजीएचएस का लाभ नहीं दिया जा रहा है. सरकार ने योजना में बदलाव किया? तो राज्य कर्मचारी और पेंशनर्स सरकार का विरोध करेंगे। इसका परिणाम आगे जाकर सरकार को भुगतना होगा।