कोटा। यहां बोरखेड़ा क्षेत्र के शादी समारोह में फेरे के ठीक पहले दूल्हा पक्ष की ओर से दहेज की ज्यादा मांग के चलते विवाद हो गया। ऐसा विवाद होने पर वर पक्ष ने दुल्हन व उसके परिवार पर मैरिज गार्डन से फरार होने व लाखों रूपए ठगने का आरोप भी लगाया है। दोनों पक्षों ने जेवर को लेकर विवाद की बात कही है। इस मामले में पहले बोरखेड़ा पुलिस थाने में दूल्हे पक्ष ने मंगलवार रात को ही लाखों रुपए ठगने की शिकायत की है। वहीं दुल्हन पक्ष ने बाद में बुधवार को थाने में आकर दहेज का आरोप लगाया है। बोरखेड़ा थाना अधिकारी अनिल टेलर का कहना है कि दोनों शिकायतों के संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है।
बोरखेड़ा थानाधिकारी अनिल टेलर के अनुसार साकेत आवास थेकड़ा निवासी स्वरूप सिंह ने शिकायत दी है कि उनके बेटे देवेंद्र सिंह की शादी बोरखेड़ा की आदर्श नगर निवासी युवती मुस्कान कंवर ईलू से तय हुई थी। दुल्हन के पिता भंवर सिंह की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। शादी के पहले दुल्हन के पिता भवर सिंह और मां शशि कंवर ने कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला दिया था। इसमें बताया था कि वह केवल बेटी दे सकते हैं, बाकी उनकी श्रद्धा नहीं है। दूल्हा पक्ष ने शादी के खर्चे, हल्दी-मेहंदी, निकासी, बिंदौरी और अन्य रस्मों के लिए 4 लाख रुपये दिए थे।
दूल्हे के पिता ने पुलिस शिकायत देते हुए बताया कि उनके करीब 12 लाख रुपये खर्च हुए हैं और यह एक सोची-समझी ठगी है। दूसरी ओर दुल्हन पक्ष ने थाने पहुंचकर आरोप लगाया है कि मौके पर दूल्हा पक्ष ने अचानक दहेज की मांग शुरू कर दी थी, जिसके कारण उन्हें मजबूरन वापस लौटना पड़ा। शादी में सभी कार्यक्रम धूमधाम से संपन्न हुए। हल्दी, मेहंदी, निकासी और बिंदौरी की रस्में पूरी हो चुकी थीं। वरमाला की रस्म भी संपन्न हो गई, लेकिन इसके तुरंत बाद मुस्कान कंवर ईलू के पूरा परिवार ने हमारे दिए गए जेवरों को नकली बताकर हंगामा कर दिया और अचानक गायब हो गया। बोरखेड़ा थानाधिकारी अनिल टेलर ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह वास्तव में ठगी का मामला है या फिर दहेज की मांग के कारण रिश्ता टूटा है।
दूल्हे देवेंद्र सिंह का कहना है कि मुस्कान के माता-पिता के कहने पर ही पूरी शादी की जिम्मेदारी उनके पिता में अपने ऊपर ली. बारात, भोजन, सजावट समेत सभी व्यवस्थाएं उन्होंने ही की थी. यहां तक की मैरिज गार्डन भी लड़के वालों ने ही किया था. वधू पक्ष ने तो अपने घर सजावट भी नहीं की थी. शादी में हमारा प्री वेडिंग शूट से लेकर मैरिज गार्डन और सब में 12 लाख से ज्यादा का खर्चा हुआ है।