कांग्रेस के विजन का श्रेय लूट रही भाजपा; रिफाइनरी-मेट्रो का बीजारोपण कांग्रेस ने किया, कानून व्यवस्था पर गृह राज्यमंत्री मौन : टीकाराम जूली
जयपुर। राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भाजपा द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाला बताया है।
जूली ने कहा कि भाजपा सरकार आज जिन परियोजनाओं को अपनी उपलब्धि बता रही है, वे सभी कांग्रेस के दूरदर्शी विजन और प्रदेश को आगे ले जाने की हमारी सोच का परिणाम हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बड़े प्रोजेक्ट के लिए काम शुरू करना ही सबसे बड़ी चुनौती और बड़ी बात होती है।
इस ऐतिहासिक सच से कोई भी इनकार नहीं कर सकता कि चाहे जयपुर की मेट्रो हो या पचपदरा की रिफाइनरी, कांग्रेस सरकार ने ही इनका बीजारोपण किया और इन्हें धरातल पर उतारा। भाजपा ने केवल इन परियोजनाओं को अटकाने और लटकाने का पाप किया है, जबकि कांग्रेस का विजन हमेशा राजस्थान के औद्योगिक और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना रहा है।
जूली ने कहा कि पचपदरा रिफाइनरी पश्चिमी राजस्थान के भाग्य को बदलने वाला प्रोजेक्ट है, जिसे कांग्रेस ने अपनी प्रतिबद्धता से शुरू किया था। भाजपा ने केवल राजनीतिक द्वेष के चलते इस प्रोजेक्ट को वर्षों तक ठंडे बस्ते में डाले रखा, जिसके कारण इसकी लागत में भारी वृद्धि हुई और प्रदेश की जनता को मिलने वाले रोजगार में देरी हुई। आज भाजपा सरकार बढ़ी हुई लागत का श्रेय ले रही है, जबकि सच यह है कि उन्होंने राजस्थान की जनता का कीमती समय और पैसा बर्बाद किया है। इसी प्रकार जयपुर मेट्रो की नींव और उसका संचालन कांग्रेस के विजन का ही परिणाम है। अब भाजपा इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि इतिहास में यह दर्ज हो चुका है कि राजस्थान में आधुनिक परिवहन का युग कांग्रेस ही लेकर आई थी।
यमुना जल समझौते पर भाजपा के दावों पर कड़ा प्रहार करते हुए नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की प्यास बुझाने के बजाय केवल कागजी घोड़े दौड़ा रही है। उन्होंने कहा कि बड़े-बड़े वादे और एमओयू (MoU) के बावजूद धरातल पर स्थिति शून्य है। भाजपा सरकार आज तक सिर्फ DPR, DPR के खेल में ही उलझी हुई है, जबकि वास्तविकता यह है कि आज तक यमुना की एक बूंद पानी लाने के लिए कोई ठोस कार्ययोजना तैयार नहीं हो सकी है और इस सरकार का लगभग आधा कार्यकाल ख़त्म हो चुका है।
आमजन समझदार हैं, वो जानते हैं कि आधा वक़्त तो इन्होंने डीपीआर डीपीआर की रटंत में निकाल दिया और अब अगले चुनावों के लिए भमिका बना रहे है।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राजस्थान की चरमराती कानून व्यवस्था पर गृह राज्यमंत्री को घेरते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे सरकार का इकबाल पूरी तरह खत्म हो चुका है। मंत्री जी के पास दुनिया भर के राजनीतिक जवाब हैं, लेकिन प्रदेश की बिगड़ती सुरक्षा स्थिति पर उनके पास कोई ठोस उत्तर नहीं है। श्री जूली ने हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुए जयपुर के दो विचलित करने वाले वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि राजधानी के मुख्य मार्गों पर दिनदहाड़े एक युवती के साथ छेड़छाड़ की जा रही है और एक अन्य वीडियो में दबंग एक व्यक्ति को अमानवीय तरीके से पीट रहे हैं।
जूली ने प्रदेश की छवि पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि गुलाबी नगरी में जापानी पर्यटक के साथ हुई अभद्रता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राजस्थान का सिर नीचा किया है। उन्होंने सवाल किया कि “जब मुख्यमंत्री और गृह राज्यमंत्री की नाक के नीचे राजधानी जयपुर के यह हालात हैं, तो दूर-दराज के जिलों और गांवों में आम नागरिक और महिलाएं कितनी सुरक्षित होंगी?