निसिन,जापान । गोल्ड मेडल के मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को धूल चटकार एशियन गेम्स में देश के लिए 19वाँ गोल्ड मेडल जीत लिया। वहीं श्रीलंका ने बांग्लादेश को हराकर कांस्य पदक जीता। भारत ने फाइनल में पाकिस्तान को 19 रनों से मात दी। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 211 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। जिसके जवाब में पाकिस्तान की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 192 रन ही बना सकी।
पाकिस्तान की तरफ से हसन नवाज ने 51 गेंदों में 96 रन बनाकर एक अच्छी कोशिश की, लेकिन वह नाकाफी रही। नवाज ने 5 चौके और 7 छक्के लगाए। इसके अलावा सइम अयूब ने 29 रन बनाए। जबकि कप्तान फरहान 10 रन बनाकर आउट हुए। भारत की तरफ से अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर और शिवम दूबे को दो-दो विकेट मिले।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के अभिषेक शर्मा ने और आखिरी ओवरों में तिलक वर्मा की तूफानी फिफ्टी की वजह से भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 211 रनों का स्कोर खड़ा किया। अभिषेक ने जहां 28 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्के की मदद से 61 रन बनाए वहीं तिलक वर्मा ने 22 गेंदों में नाबाद 52 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए।
इसके अलावा कप्तान अय्यर (21), किशन (20) और दुबे ने 27 रनों का योगदान दिया। जबकि संजू 2 और वैभव 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं पाकिस्तान की तरफ से अरफात मिन्हास और अहमद दानियाल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि अबरार अहमद और साइम अयूब को एक-एक विकेट मिला।
श्रीलंका ने शानदार ऑल-राउंड प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 63 रनों से हराकर एशियाई खेल 2026 में पुरुषों के क्रिकेट में ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद, श्रीलंका ने 165/9 का स्कोर खड़ा किया, लेकिन बांग्लादेश लक्ष्य का पीछा करते समय लड़खड़ा गया और पूरी टीम 17.3 ओवर में 102 रन पर ऑलआउट हो गई।
पाकिस्तान को हराकर भारत ने जीता क्रिकेट का गोल्ड मेडल