कांग्रेस पहुंची डीजीपी के पास,पुलिस अधिकारियों पर कार्यवाही की मांग

जयपुर। स्थानीय निकाय चुनाव में पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच करने के बाद उनपर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा को ज्ञापन दिया। दोनों नेताओं की ओर से पंचायत चुनाव में पुलिस अधिकारियों के निष्पक्ष होकर काम करने की मांग पर डीजीपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

डीजीपी से मुलाकात के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि सबूतों के साथ पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन दिया है। एक एक मामले पर बात की है. उन्होंने कहा कि उन्होंने डीजीपी से साफ कहा है कि जो रवैया पुलिस का निकाय चुनाव में रहा है, यदि वही रवैया पंचायत चुनाव में रहा तो मजबूरन लोगों को कानून हाथ में लेना पड़ेगा। इसकी जिम्मेदारी पुलिस महानिदेशक की होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा माहौल पैदा नहीं किया जाना चाहिए कि जंतर मंतर की तरह यहां भी आक्रोश को दबाने के लिए पेलेट गन का इस्तेमाल करना पड़े। उन्होंने कहा कि जिस तरह से निकाय चुनाव में सरकार ने पुलिस का सहयोग लेकर गुंडागर्दी तानाशाही की है, पार्षदों को डराने का काम किया है, उन सबके सबूत हमने डीजीपी को दिए हैं।

डोटासरा ने कहा कि अभी हाल ही में जिन पुलिस अधिकारियों के तबादले किए हैं, उन अधिकारियों ने भाजपा की बेईमानी में साथ नहीं दिया था। उन्होंने कहा कि खाटू श्यामजी में एसपी, डीएसपी, एसडीएम और सीआई तक बदल दिए गए, क्योंकि वे लोग भाजपा के दबाव में काम नहीं कर रहे थे। मुख्यमंत्री कार्यालय में बैठे हुए अधिकारी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे और दिल्ली से आए हुए भाजपा नेताओं ने पूरे प्रशासन पर कब्जा कर रखा था। हर जगह पुलिस का तांडव देखने को मिला है, ऐसी कोई जगह नहीं जहां पुलिस अधिकारी पार्षदों की बाड़ेबंदी में नहीं पहुंचे हों।
डोटासरा ने आरोप लगाया कि पंचायतों के संभावित दावेदारों को भी अब धमकाने और उन्हें डराने का काम किया जा रहा है। उन्हें चुनाव में देख लेने की धमकी दी जा रही है। किसी के परिवार में यदि कोई कर्मचारी है तो उसका तबादला करने की धमकी दी जा रही है, व्यापारी है तो उसके व्यापार को नुकसान पहुंचाने को कहा जा रहा है। इस तरह का तांडव किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश का लोकतंत्र पूरी दुनिया में सबसे मजबूत है, लेकिन भाजपा सरकार उसे ही खत्म करने में लगी हुई है।पहली बार के विधायक भजनलाल शर्मा यदि मुख्यमंत्री बने हैं तो यह लोकतंत्र की ही देन है। गुजरात के मुख्यमंत्री रहे नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने हैं तो यह लोकतंत्र की देन है और इस लोकतंत्र को कांग्रेस पार्टी ने बचा करके रखा है। डोटासरा ने कहा कि पुलिस महानिदेशक शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है और कहा है कि वे पुलिस अधिकारियों को राजनीति का हिस्सा नहीं बनने के संदर्भ में उचित निर्देश देंगे। पुलिस का काम केवल कानून व्यवस्था को संभालना है।

गोविंद सिंह डोटासरा ने इसी के साथ कहा कि मैं दावे से कह सकता हूं कि पंचायत चुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ होगा, क्योंकि निकाय चुनाव में जिस तरह का तांडव भाजपा सरकार ने किया है, उसे पूरे प्रदेश ने देखा है। लोगों में आक्रोश है और लोग सबक सिखाने के लिए तैयार बैठे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मां-बाप होती है, जनता ने ही भजनलाल सरकार बनाई है और आगे 2 साल बाद राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार भी जनता ही बनाएगी। डोटासरा ने पंचायत चुनाव के चार चरणों को लेकर कहा कि हो सकता है चुनाव आयोग ने सरकार की सलाह पर ऐसा किया हो कि इससे भाजपा को पार्षद चोरी करने और गड़बड़ी करने का भरपूर मौका मिल सके, लेकिन हम अब इनकी गुंडागर्दी को नहीं चलने देंगे।मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि पूरे प्रदेश ने देखा है कि निकाय चुनाव में जिस पुलिस का काम कानून व्यवस्था बनाए रखने का होता है, वह पार्षद पकड़ने का काम कर रही है। कांग्रेस ने इसकी​ शिकायत सबूतों के साथ पुलिस महानिदेशक को दी है। जूली ने कहा कि 70 साल के इतिहास में यह पहला मौका है, जब पुलिस की वर्दी पर दाग लगाने का काम किया जा रहा है। पुलिस पार्षद पकड़ने की मशीन कभी नहीं रही है, लेकिन इस बार जो पुलिस को टास्क दिया गया है। उससे पूरे प्रदेश ही नहीं देशभर में पुलिस की किरकिरी हुई है। जूली ने कहा कि भाजपा ने जो तांडव निकाय चुनाव में मचाया है, उसका जवाब पंचायत चुनाव में जनता देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *