यूजीसी नियमों पर कुछ लोग भ्रम फैला रहे हैं – धर्मेंद्र प्रधान

जयपुर। देश भर में यूजीसी नियमों के खिलाफ विरोध के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि UGC को लेकर कुछ लोग जानबूझकर भ्रम फैला रहे हैं। नई नियमावली में किसी भी वर्ग के खिलाफ कोई प्रावधान नहीं है और न ही किसी के साथ भेदभाव किया जाएगा। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह नियम केवल पीड़ित वर्ग को राहत देने के उद्देश्य से बनाए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डिस्क्रिमिनेशन के नाम पर किसी को भी नियमों का दुरुपयोग करने का अधिकार नहीं है। शिक्षा संस्थानों में किसी भी विद्यार्थी या व्यक्ति के साथ उत्पीड़न या अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि सभी वर्गों को समान अवसर और न्याय मिले।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर सोमवार को नागौर जिले के छोटी खाटू के दौरे पर रहे।इस दौरान दोनों मंत्री छोटी खाटू में जैन आचार्य महाश्रमण द्वारा आयोजित मर्यादा महोत्सव में शामिल हुए और आचार्य महाश्रमण का आशीर्वाद प्राप्त किया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

वहीं, मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने लगभग 4.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के नवीन भवन का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने केंद्रीय मंत्री के निर्देश पर बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि इस विद्यालय का नाम अब जैन धर्मगुरु आचार्य महाश्रमण के नाम पर रखा जाएगा।
शिलान्यास समारोह के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नई शिक्षा नीति की विशेषताओं के बारे में कहा कि केंद्र सरकार देशभर में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने मातृ भाषा के महत्व को बताते हुए कहा कि आने वाले समय में राजस्थान के राजकीय विद्यालयों में राजस्थानी भाषा का अध्ययन भी शुरू किया जाना चाहिए। इसके लिए उन्होंने प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को आवश्यक निर्देश दिए।

धर्मेंद्र प्रधान ने तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि आज के युग में डिजिटल संसाधनों के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ना बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को विद्यार्थी जीवन से ही स्किल डेवलपमेंट से जोड़ने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे युवा हुनरमंद बनेंगे और भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर हासिल कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *